हल्द्वानी। शहर की सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों को सुचारु व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने मंगलवार को यातायात नगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं और समग्र व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने परिसर का निरीक्षण करते हुए कहा कि नगर की सार्वजनिक व्यवस्थाओं को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और नागरिक हितों के अनुरूप बनाए रखना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी अव्यवस्थाएं या कमियां दिखाई दें, उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नोडल अतिक्रमण गणेश भट्ट सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महापौर को विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी और आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को शीघ्र पूरा करने का भरोसा दिलाया। महापौर ने कहा कि नगर निगम भविष्य में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण करता रहेगा, ताकि साफ-सफाई, यातायात और अन्य नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके तथा शहर को व्यवस्थित और स्वच्छ रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहे।







