नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल की लोअर मालरोड की मरम्मत में हो रही देरी को लेकर कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने कड़ा रुख अपनाया है। करीब 40 मीटर सड़क की मरम्मत में एक साल बीत जाने के बाद भी कार्य पूरा नहीं होने पर आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जवाब-तलब करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि लोअर मालरोड 15 सितंबर 2025 से क्षतिग्रस्त है और इस संबंध में उनके द्वारा स्वयं दो बार स्थलीय निरीक्षण किया जा चुका है। इसके बावजूद कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा बार-बार कार्य पूरा करने की नई तिथियां दी जा रही हैं, जबकि सीजन से पहले कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया था।
आयुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अब कार्य की निगरानी CCTV कैमरों के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने कार्यस्थल पर तत्काल CCTV कैमरे लगाने और उसका लाइव लिंक आयुक्त कार्यालय व जिलाधिकारी नैनीताल को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि सड़क निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति पर नजर रखी जा सके। उन्होंने कहा कि औचक निरीक्षण के दौरान कई बार यह सामने आया कि मौके पर कार्य की गति बेहद धीमी है। मात्र 40 मीटर सड़क निर्माण में लगभग एक वर्ष का समय लगना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। इसको लेकर लोक निर्माण विभाग से स्पष्टीकरण मांगा गया है कि कार्य में इतना विलंब क्यों हुआ। दीपक रावत ने स्पष्ट किया कि नैनीताल जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल में सड़क की खराब स्थिति से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में अब किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







