कवरेज के दौरान पत्रकारों पर हमला, शहर में गुस्सा फूटा, महापौर और नेता प्रतिपक्ष बोले सख्त कार्रवाई हो

हल्द्वानी। ऊँचापुल क्षेत्र में लाइव कवरेज के दौरान पत्रकार दीपक अधिकारी और पत्रकार शंकर फुलारा पर हुए हमले ने शहर में तीखा आक्रोश खड़ा कर दिया है। बताया जा रहा है कि दीपक अधिकारी किसी स्थानीय खबर की कवरेज के लिए मौके पर पहुंचे थे, तभी मौके पर कुछ दबंगों ने पहले अभद्रता की और उसके बाद उन पर हमला कर दिया। हमले में घायल दीपक अधिकारी को स्थानीय लोगों की मदद से कृष्णा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पत्रकार समुदाय में भारी रोष फैल गया। 

Advertisement

इसी बीच महापौर गजराज सिंह बिष्ट, उप जिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह और जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी भी अस्पताल पहुंचे और घायल पत्रकार का हालचाल जाना। महापौर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखते हुए कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा पत्रकार दीपक अधिकारी पर हमला बेहद निंदनीय है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे तत्वों पर कड़ी और प्रभावी कार्रवाई की मांग की, ताकि हल्द्वानी के शांत माहौल में अराजकता न फैले। साथ ही उन्होंने दीपक अधिकारी के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

कवरेज के दौरान पत्रकारों पर हमला, शहर में गुस्सा फूटा, महापौर और नेता प्रतिपक्ष बोले सख्त कार्रवाई हो

घटना पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने फेसबुक पर लिखा कि लाइव कवरेज के दौरान पत्रकार पर हमला अभिव्यक्ति की आज़ादी पर कुठाराघात है। उन्होंने कहा कि बदमाशों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आर्य ने सरकार से तुरंत और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उधर, पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी नितिन लोहनी भी अधीनस्थों के साथ अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। थाना मुखानी में तहरीर दे दी गई है और पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Read more

Local News