विस्फोट से मकान ध्वस्त, छह लोगों की हुई मौत

हल्द्वानी एक्सप्रेस न्यूज़/भागलपुर। बिहार में भागलपुर शहर के तातारपुर क्षेत्र में गुरुवार की देर रात जोरदार विस्फोट के कारण एक मकान के ध्वस्त होने से छह लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए।

भागलपुर के पुलिस उप महानिरीक्षक सुजीत कुमार ने शुक्रवार को यहां बताया कि काजवलीचक मुहल्ले में गुरुवार की देर रात को तीन मंजिला एक मकान में जोरदार विस्फोट होने से मकान धराशाई हो गया और उसके मलबे में दबकर कम से कम छह लोगों की मौत हो गई तथा 12 अन्य घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को भागलपुर के सदर अस्पताल और जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में कई की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

श्री कुमार ने बताया कि जोरदार विस्फोट के कारण धराशाई हुए मकान का मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है और मलबे के हटने के बाद मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है । इस हादसे में धराशाई मकान के करीब के दो

अन्य मकानों को भी क्षति पहुंची है।

पुलिस उप महानिरीक्षक ने बताया कि इस घटना की आरंभिक जांच में उक्त मकान में अवैध पटाखे और देशी बम के निर्माण की बातें सामने आई है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एस एफ एल) की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मौके पर जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस एवं जिला प्रशासन के कई अधिकारी पहुंचे हुए हैं और बचाव एवं राहत का कार्य जारी है।


अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए –
👉 व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

👉 फेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

हमारे इस नंबर 7351098124 को अपने व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ें

Read more

Local News