देहरादून। राजधानी देहरादून में गुरुवार शाम तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक दर्दनाक हादसे को जन्म दे दिया, जब एक अनियंत्रित इनोवा कार ने सड़कों पर कहर बरपाते हुए कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कोतवाली डालनवाला क्षेत्र में शाम करीब 7:30 बजे इनोवा कार (UK07DF1795) के चालक गुनीत सिंह ने डीएल कट से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए पहले एक कार को टक्कर मारी। इसके बाद चालक बिना रुके आगे बढ़ता गया और स्कूटी व मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार राहुल और बाइक सवार रोहित फिलिप्स व उनका पुत्र अनुज फिलिप्स गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां रोहित फिलिप्स की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े अन्य वाहनों को भी नहीं छोड़ा और आगे बढ़ते हुए एक मकान का गेट तोड़कर परिसर में जा घुसी, जिससे वहां खड़ी गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया है और मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।












