नैनीताल। जिले के पाइनस क्षेत्र के पास सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कैंची धाम से नैनीताल की ओर जा रही एक महिंद्रा थार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 50 से 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सवार तीन युवक गंभीर दुर्घटना का शिकार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे का कारण वाहन की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही SDRF टीम उप निरीक्षक भावना बिष्ट के नेतृत्व में तत्काल मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच टीम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए खाई में फंसे तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि एक को मामूली चोटें आईं। रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए बी.डी. पांडे अस्पताल, नैनीताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि वाहन में सवार सभी युवक राजस्थान के जयपुर निवासी हैं। SDRF टीम की त्वरित कार्रवाई और मुस्तैदी के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और तीनों युवकों की जान बचाई जा सकी। स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू टीम के प्रयासों की सराहना की है।





