हल्द्वानी। हल्द्वानी में मानसून से पहले संभावित आपदा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने राजस्व, सिंचाई और खनन विभाग के अधिकारियों के साथ देवखड़ी, कल्सिया और रकसिया नालों का संयुक्त निरीक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लिया। इस दौरान टीम ने तीनों नालों में कई संवेदनशील स्थलों को चिन्हित करते हुए त्वरित सुधारात्मक कार्यों के निर्देश जारी किए। निरीक्षण में देवखड़ी नाले को सबसे अधिक संवेदनशील माना गया, जहां शुरुआती हिस्से में ही तीन अलग-अलग स्थानों पर चेक डैम बनाए जाने की आवश्यकता बताई गई।
इसके साथ ही नाले का वैज्ञानिक तरीके से चैनलाइजेशन करने पर भी जोर दिया गया। यह क्षेत्र वन प्रभाग रामनगर के अंतर्गत आता है, जिसको लेकर वन विभाग और सिंचाई विभाग को संयुक्त रूप से कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं रकसिया नाले में राजस्व भूमि के अंतर्गत रिवर ड्रेजिंग नीति के तहत प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि जल प्रवाह को सुचारू किया जा सके और जलभराव की समस्या से बचा जा सके। इसके अलावा कल्सिया नाले में भी चैनलाइजेशन के लिए सिंचाई और वन विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि समय रहते इन नालों पर प्रभावी कार्यवाही से मानसून के दौरान बाढ़ और जलभराव की स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।





