हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे प्रकरण को लेकर सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को अहम सुनवाई प्रस्तावित है। सुनवाई से पहले कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बनभूलपुरा के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए भारी पुलिस बल और सुरक्षा संसाधनों की तैनाती की तैयारी की गई है। पुलिस की सुरक्षा योजना के तहत क्षेत्र को 2 सुपर जोन और 4 जोन में बांटा गया है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 3 एसपी, 5 सीओ और करीब 15 इंस्पेक्टर/थाना प्रभारी स्तर के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा 10 चौकी प्रभारी, 45 दरोगा, 10 महिला दरोगा, करीब 200 पुरुष पुलिसकर्मी और 50 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
संवेदनशील परिस्थितियों से निपटने के लिए 2 पीएसी कंपनियां, दो ड्रोन टीमें, चार फायर यूनिट, एक बीडीएस टीम, दो टीयर गैस टीमें और दो दंगा नियंत्रण टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल रहेंगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए चार ट्रैफिक टीमें भी तैनात की जाएंगी। सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई को देखते हुए पुलिस का पूरा फोकस कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटने पर है। ड्रोन के जरिए भी संवेदनशील इलाकों की निगरानी की जाएगी। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से पहले बनभूलपुरा में सुरक्षा का यह व्यापक इंतजाम मामले की गंभीरता को दर्शाता है। अब सभी की नजरें बुधवार को होने वाली सुनवाई और उसके बाद की स्थिति पर टिकी हैं।




