रामनगर। अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कटियापुल क्षेत्र में दो डंपरों को मौके से पकड़कर सीज कर दिया। सघन गश्त और औचक निरीक्षण के दौरान की गई इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 अप्रैल को प्रभागीय वनाधिकारी एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देशन में, वन क्षेत्राधिकारी रामनगर रेंज के नेतृत्व में टीम द्वारा कटियापुल क्षेत्र में गश्त के दौरान अवैध रूप से खनिज खनन करते हुए एक 10 टायरा और एक 6 टायरा डंपर पकड़ा गया।
वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कटियापुल चौकी में वन अभिरक्षा में सुरक्षित खड़ा कर दिया है। वन विभाग ने इस मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और अवैध खनन में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस कार्रवाई में वन दरोगा सुरजीत सिंह, बीट अधिकारी जगदीश प्रसाद, वन आरक्षी धीरज कुमार, वन बीट अधिकारी आशुतोष, बीट वॉचर हिमांशु व आकाश तथा वाहन चालक कमलेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







