हल्द्वानी। मानसून के दौरान बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संभागीय परिवहन कार्यालय हल्द्वानी की ओर से गुरुवार को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 125 वाहन चालकों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) अरविंद पांडेय ने बताया कि बरसात के मौसम में खराब मौसम के साथ चालक के अस्वस्थ होने की स्थिति में सड़क दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। ऐसे में वाहन चालकों का शारीरिक रूप से स्वस्थ और पूरी तरह सतर्क रहना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से परिवहन विभाग की ओर से यह स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में वाहन चालकों के साथ कार्यालय पहुंचे लाइसेंस आवेदकों और परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच के साथ बीएमडी जांच के माध्यम से हड्डियों के घनत्व और मजबूती की स्थिति का परीक्षण किया गया। जांच के दौरान जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह और दवाइयां भी दी गईं।
वाहन चालकों को लंबे समय तक ड्राइविंग के दौरान होने वाली थकान से बचाव के उपाय भी बताए गए। उन्हें समझाया गया कि लगातार वाहन चलाने के दौरान शरीर में होने वाली थकान को नजरअंदाज करना दुर्घटना का कारण बन सकता है। चालकों को थकान की स्थिति में आवश्यक व्यायाम और शरीर को सक्रिय रखने के तरीके भी समझाए गए। परिवहन विभाग ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन कराने और चालान की कार्रवाई तक सीमित नहीं है। सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए वाहन चालकों और स्वामियों को जागरूक करना भी उतना ही जरूरी है। इसी दिशा में विभाग की ओर से लगातार प्रवर्तन कार्रवाई के साथ स्वास्थ्य परीक्षण और सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार भविष्य में भी ऐसे जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों के स्वास्थ्य पर ध्यान देने के साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और मानसून के दौरान सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो।





