हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी में प्रशासनिक जिम्मेदारी का नया अध्याय शुरू हो गया है। प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी के सेवानिवृत्त होने के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल के ऑर्थो विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज सिंह ने आज अतिरिक्त प्राचार्य के रूप में कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि पूर्व प्राचार्य द्वारा शुरू किए गए सभी कार्यों को पूरी गंभीरता और सुचारू तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने विश्वास दिलाया कि कॉलेज और अस्पताल से जुड़े लंबित मुद्दों पर प्राथमिकता से काम किया जाएगा। खासतौर पर उपनल कर्मियों की समस्याओं को जल्द हल करने का भरोसा दिया, जिससे अस्पताल की सेवाएं प्रभावित न हों और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती रहें। नए प्राचार्य के पदभार ग्रहण करने के साथ ही मेडिकल कॉलेज के शिक्षण और स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।








