रुड़की/देहरादून। उत्तराखंड में राज्य एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गैस भंडारण और कालाबाजारी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत रुड़की के साउथ सिविल लाइंस क्षेत्र में छापेमारी कर एक ही स्थान से 101 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए, जिससे गैस की कृत्रिम किल्लत पैदा करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में सामने आया कि घरेलू गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा कर होटल और ढाबा संचालकों को ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था। प्राथमिक जांच में अधिकांश सिलेंडर ‘इंद्रा गैस’ कंपनी के पाए गए हैं, जिन्हें साउथ सिविल लाइंस निवासी जयवीर द्वारा अवैध रूप से एकत्रित किया गया था। हालांकि, छापेमारी के दौरान आरोपी मौके पर नहीं मिला और उसकी तलाश जारी है।
एसटीएफ के अनुसार, प्रदेश में गैस की कमी का फायदा उठाकर जमाखोरी और कालाबाजारी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। बरामद सभी सिलेंडरों को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद खाद्य आपूर्ति विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस कार्रवाई को गैस संकट के बीच प्रशासन की सख्ती और कालाबाजारियों के खिलाफ बड़ी चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि आम जनता की जरूरतों के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।







