हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देशों पर रामनगर कोतवाली पुलिस ने छापेमारी कर अवैध एलपीजी गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के एक संगठित गैंग का भंडाफोड़ करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार 9 अप्रैल को प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में टीम ने खराड़ी क्षेत्र में एक मकान पर छापा मारा, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर उनकी रिफिलिंग कर कालाबाजारी की जा रही थी। मौके से 34 छोटे-बड़े गैस सिलेंडर, रिफिलिंग उपकरण, तराजू-बांट और बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ (डीजल) बरामद किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर ही अवैध रिफिलिंग करते हुए अमन उर्फ भल्ला (26) और शहजाद उर्फ शैजी (23) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियुक्त सगे भाई हैं और रामनगर के खताड़ी क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनसुरक्षा से खिलवाड़ और एलपीजी की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और अवैध भंडारण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध गैस रिफिलिंग या भंडारण की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते ऐसी खतरनाक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।







