बाजपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने सुनार की दुकान में हुई 34 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का शत-प्रतिशत खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 82.74 ग्राम सोने के आभूषण, 10.666 किलोग्राम चांदी के आभूषण, नकदी और घटना में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है। मामले के सफल खुलासे पर एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। घटना 8 जुलाई की रात बाजपुर स्थित ओम ज्वैलर्स में हुई थी, जहां बदमाशों ने दुकान का शटर और ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, सीसीटीवी का एनवीआर और टीवी चोरी कर लिया था। मामले में 9 जुलाई को दुकान स्वामी ओमकार वर्मा की तहरीर पर कोतवाली बाजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मैनुअल सर्विलांस, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की।
19-20 जुलाई की रात किशनपुर-मौलागढ़ बॉर्डर से तीनों आरोपियों को चोरी में प्रयुक्त ऑटो संख्या UK18TA-2192 सहित गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पहले दुकान के सीसीटीवी कैमरों के तार काटे और फिर शटर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजम पुत्र शकील अहमद, इस्लाम पुत्र सफी अहमद और करमरूद्दीन पुत्र सफी अहमद निवासी नरपत नगर, थाना स्वार, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। इनमें से आरोपी आजम के खिलाफ चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि जनपद में चोरी, लूट और संगठित अपराध करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी विश्लेषण और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से हर अपराध का खुलासा कर दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।







