- शहरवासियों की छोटी से बड़ी समस्याओं का जल्द समाधान करना प्राथमिकता
- लीगेसी वेस्ट और फ्रेश वेस्ट के समयबद्ध निस्तारण पर भी दिया जोर
हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की नवनियुक्त नगर आयुक्त आईएएस आशिमा गोयल ने पदभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क, सीवरेज और कूड़ा निस्तारण जैसी बुनियादी समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नगर आयुक्त आशिमा गोयल ने कहा कि किसी भी नगर निगम क्षेत्र में सड़क, सीवरेज और कूड़ा निस्तारण से जुड़ी समस्याएं प्रमुख होती हैं।

हल्द्वानी में भी इन विषयों पर काम करने की जरूरत है। उनका प्रयास रहेगा कि शहरवासियों को छोटे स्तर से लेकर बड़े स्तर तक की समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और उनकी शिकायतों का जल्द से जल्द निराकरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि शहर में कूड़ा निस्तारण भी एक प्रमुख चुनौती के रूप में सामने आ रहा है। विशेष रूप से लीगेसी वेस्ट (पुराना जमा कूड़ा) और फ्रेश वेस्ट (प्रतिदिन निकलने वाला कूड़ा) का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके लिए व्यवस्था को प्रभावी बनाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। नवनियुक्त नगर आयुक्त ने कहा कि शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान करना उनका प्रमुख उद्देश्य रहेगा।









