नशे के इंजेक्शन को लेकर दोस्त ने ही की हत्या, गला घोंटकर शव गटर में फेंका, पुलिस ने किया खुलासा

  • लापता युवक की तलाश के दौरान दोस्त पर हुआ शक
  • पूछताछ में हत्या की बात कबूलने का पुलिस का दावा
  • आरोपी की निशानदेही पर शव, हत्या में इस्तेमाल नाड़ा और 600 रुपये बरामद

खटीमा। ऊधम सिंह नगर के खटीमा में लापता 20 वर्षीय युवक अभय उर्फ लल्लू की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद में युवक के पुराने दोस्त ने ही उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को घटनास्थल के पास गटर में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी संजय गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर शव, हत्या में इस्तेमाल किया गया नाड़ा और 600 रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, वार्ड नंबर 17 शिव कॉलोनी निवासी रवि ने 9 नवंबर को कोतवाली खटीमा में तहरीर देकर बताया था कि उनका 20 वर्षीय भाई अभय उर्फ लल्लू 7 नवंबर की रात करीब नौ बजे घर से बिना बताए चला गया था। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी। जांच और सुरागरसी के दौरान पुलिस को अभय के परिचित संजय गुप्ता पर शक हुआ। बताया गया कि संजय ने मृतक का मोबाइल फोन उसके परिजनों को यह कहते हुए लौटाया था कि उसे फोन रास्ते में पड़ा मिला था। संदेह के आधार पर पुलिस उसे पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान संजय ने अभय की हत्या कर शव गटर में छिपाने की बात स्वीकार की।

नशे के इंजेक्शन को लेकर दोस्त ने ही की हत्या, गला घोंटकर शव गटर में फेंका, पुलिस ने किया खुलासा

पुलिस के मुताबिक, आरोपी संजय और अभय पुराने दोस्त थे और दोनों नशे के आदी थे। 7 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे दोनों शिव कॉलोनी चौराहे पर मिले और इसके बाद कॉलोनी के पीछे स्थित खाली मैदान में चले गए। आरोपी के कथित बयान के अनुसार, दोनों स्मैक का सेवन करने के लिए इंजेक्शन तैयार कर रहे थे। इसी दौरान एक इंजेक्शन गिरने और बचे हुए इंजेक्शन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर संजय ने पहले अभय का गला दबाया और फिर उसके लोअर के नाड़े से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने अभय के पास रखे करीब 2,300 रुपये और मोबाइल फोन अपने पास रख लिए। इसके बाद शव को घटनास्थल से करीब 15 से 20 मीटर दूर स्थित गटर में फेंककर छिपा दिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि मोबाइल फोन की पहचान हो जाने और पकड़े जाने के डर से उसने 8 नवंबर को फोन मृतक के बड़े भाई रवि को लौटा दिया था। वहीं, मृतक से मिले 2,300 रुपये में से 1,700 रुपये दीपावली पर खर्च कर दिए और शेष 600 रुपये उसके पास बचे थे। 

Advertisement

नशे के इंजेक्शन को लेकर दोस्त ने ही की हत्या, गला घोंटकर शव गटर में फेंका, पुलिस ने किया खुलासा

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम की मौजूदगी में शव तथा हत्या में इस्तेमाल किया गया नाड़ा बरामद किया। आरोपी की पहचान संजय गुप्ता पुत्र बालकिशन गुप्ता, निवासी वार्ड नंबर 17 शिव कॉलोनी, खटीमा, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 600 रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी खटीमा थाने में चोरी, हत्या से संबंधित और अन्य आपराधिक धाराओं में तीन मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को चिकित्सकीय परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी कमल कुमार लुण्ठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्या, उपनिरीक्षक राकेश राय, उपनिरीक्षक वेदपाल सिंह, कांस्टेबल किशोर कुमार और कांस्टेबल कमल पाल शामिल रहे।

Read more

Local News