- डोला विसर्जन और शोभायात्रा को देखते हुए शिक्षण संस्थानों व आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित
नैनीताल। ऐतिहासिक नंदा देवी महोत्सव के समापन और मां नंदा-सुनंदा के डोला विसर्जन कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने 23 सितंबर को नैनीताल, भवाली और भीमताल नगर क्षेत्रों में सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रायल ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। जिलाधिकारी के अनुसार 23 सितंबर को नैनीताल में भव्य शोभायात्रा के साथ नंदा देवी महोत्सव का समापन होगा और मां नंदा-सुनंदा के डोले का विसर्जन किया जाएगा। इसके अलावा भवाली और भीमताल नगर क्षेत्रों में भी डोला विसर्जन कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए इन क्षेत्रों में यातायात प्रभावित होने की आशंका है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए नैनीताल, भवाली और भीमताल नगर क्षेत्र में संचालित सभी सरकारी, अशासकीय, निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और विश्वविद्यालयों में 23 सितंबर को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन नहीं करने वाले संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।



