- फ्लैग मार्च के साथ AREA DOMINATION, ड्रोन और CCTV से निगरानी
- SSP का सख्त संदेश—अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि मामले में सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई से पहले नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च और AREA DOMINATION की कार्रवाई की। संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात करते हुए चप्पे-चप्पे पर चेकिंग और संदिग्धों का सत्यापन किया जा रहा है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन, लाइन नंबर 17, इंद्रानगर बड़ी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, ठोकर, शनि बाजार रोड, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, लाइन नंबर 8, चोरगलिया रोड, ताज चौराहा, भारद्वाज चौराहा सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधिकारियों के साथ थाना पुलिस, पीएसी, एंटी राइट टीम, बीडीएस, फायर और ड्रोन टीम भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल रही।
पुलिस की ओर से क्षेत्र में लगातार चेकिंग, सत्यापन और प्रीवेंटिव डिटेंशन की कार्रवाई की जा रही है। वहीं CCTV कैमरों और स्पेशलाइज्ड ड्रोन के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य किसी भी संभावित स्थिति से पहले ही निपटना और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च के दौरान एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार समेत विभिन्न थानों के अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने क्षेत्रवासियों से सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का सम्मान करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना का प्रसार न किया जाए। पुलिस की सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर है और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली भ्रामक या तथ्यहीन पोस्ट एवं टिप्पणियों के मामले में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



