- SIR अभियान में 24.30 लाख नोटिसों में 99% से अधिक की सुनवाई पूरी
- दावे-आपत्तियों के लिए 28 सितंबर तक मौका
देहरादून। उत्तराखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख बढ़ाकर 3 अक्टूबर 2026 कर दी है। पहले अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर को प्रस्तावित था। अब दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया 28 सितंबर तक जारी रहेगी, जिसके बाद 3 अक्टूबर को अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि प्रदेश में अनमैप्ड एवं विसंगति वाले कुल 24 लाख 30 हजार नोटिसों में 99 प्रतिशत से अधिक की सुनवाई पूरी की जा चुकी है। इसके साथ ही फार्म 6, 7 और 8 से संबंधित करीब 40 प्रतिशत सुनवाई भी पूरी हो गई है।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब दावे और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 28 सितंबर तक चलेगी। इसके बाद सभी प्रक्रियाएं पूरी करते हुए 3 अक्टूबर को उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि SIR अभियान के तहत मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। नई समय-सीमा से उन मतदाताओं को भी अपनी आपत्ति अथवा दावा प्रस्तुत करने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा, जिनकी सुनवाई अभी बाकी है। प्रेस कांफ्रेंस में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी मौजूद रहे।




