- – उत्तराखंड में 2026 की अब तक की सबसे बड़ी MDMA बरामदगी का दावा
- – 244.06 ग्राम नशीला पदार्थ और TVS बाइक बरामद
टनकपुर। उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच STF की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 244.06 ग्राम MDMA बरामद की है। STF के अनुसार बरामद MDMA की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। संयुक्त कार्रवाई में कोतवाली टनकपुर पुलिस के सहयोग से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक TVS मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इसी क्रम में STF एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स कुमाऊं यूनिट ने तकनीकी और मैनुअल इनपुट विकसित कर तस्करी से जुड़ी सटीक सूचना जुटाई। सूचना के आधार पर टनकपुर क्षेत्र में कोतवाली पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसमें तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
एसटीएफ के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान, आशीष और अभिषेक, सभी निवासी रुद्रपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से कुल 244.06 ग्राम MDMA और एक TVS मोटरसाइकिल बरामद हुई है। STF का दावा है कि यह वर्ष 2026 में उत्तराखंड में अब तक की सबसे बड़ी MDMA बरामदगी है। STF अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ ही उनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की गहन जांच कर रही है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि MDMA की सप्लाई कहां से हुई और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और तकनीकी जांच के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।




