- कुमाऊं के जिलाधिकारियों को प्राइवेट कूरियर कार्यालयों की जांच के आदेश
- लंबित राखियों की तत्काल डिलीवरी सुनिश्चित करने को कहा
नैनीताल। रक्षाबंधन से पहले बहनों की भेजी राखियां समय पर भाइयों तक पहुंचाने को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में संचालित सभी प्राइवेट कूरियर कंपनियों के कार्यालयों और स्टोर की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने कहा कि रक्षाबंधन के मद्देनजर बड़ी संख्या में बहनों ने कूरियर और ऑनलाइन माध्यम से अपने भाइयों के लिए राखियां भेजी हैं। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही के कारण राखियों की डिलीवरी प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों के माध्यम से कूरियर कंपनियों की व्यवस्था की निगरानी कराने के निर्देश दिए हैं। दीपक रावत ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान यदि किसी कूरियर कंपनी के पास राखी के पार्सल लंबित पाए जाते हैं तो संबंधित कंपनी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और राखियों की तत्काल डिलीवरी सुनिश्चित कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि बहनों द्वारा भेजी गई राखियां समय पर उनके भाइयों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी उपजिलाधिकारी अपने क्षेत्रों में कूरियर सेवाओं की मॉनिटरिंग कर इसकी रिपोर्ट संबंधित जिलाधिकारियों को प्रस्तुत करेंगे। प्रशासन की इस कार्रवाई से कूरियर कंपनियों में भी हड़कंप की स्थिति है और अब राखियों की समयबद्ध डिलीवरी पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।










