- CMO डॉ. रश्मि पंत ने वर्चुअल बैठक में स्वास्थ्य इकाइयों की तैयारियों की समीक्षा की
- संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग और निगरानी में लापरवाही पर सख्त रुख
हल्द्वानी। सीजनल इन्फ्लूएंजा (H1N1) और अन्य श्वसन संबंधी संक्रमणों को लेकर नैनीताल स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। संभावित मामलों से निपटने के लिए अस्पतालों में पहले से ही आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत की अध्यक्षता में गुरुवार को शिविर कार्यालय हल्द्वानी से वर्चुअल बैठक आयोजित कर जिले की स्वास्थ्य इकाइयों की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी, बेस अस्पताल हल्द्वानी, बीडी पांडे जिला अस्पताल नैनीताल, संयुक्त चिकित्सालय रामनगर सहित जिले के सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। सीएमओ ने निर्देश दिए कि अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में बेड आरक्षित रखने के साथ ऑक्सीजन, आवश्यक उपकरण, जांच सुविधाएं, दवाएं और चिकित्सा सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखी जाए।
डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि सीजनल इन्फ्लूएंजा को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्कता बेहद जरूरी है। उन्होंने संदिग्ध मरीजों की समय पर स्क्रीनिंग और निगरानी सुनिश्चित करने तथा गंभीर लक्षण वाले मरीजों को आवश्यकता के अनुसार तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकीय स्टाफ पूरी तरह तैयार रहे और मरीजों के उपचार में किसी स्तर पर कमी नहीं होनी चाहिए। आमजन से भी बुखार, खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की गई है। बैठक में डॉ. रजत भट्ट, डॉ. मनोज कांडपाल, डॉ. रेनू सूठा समेत संबंधित चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।










