- हल्द्वानी-पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे से दबोचे गए आरोपी,
- ₹1.40 लाख नकदी, दो तमंचे, चार कारतूस और वरना कार बरामद
हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई लाखों रुपये की डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर दोनों आरोपियों को हल्द्वानी-पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे से दबोचा गया। उनके कब्जे से ₹1.40 लाख की लूटी गई नकदी, दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त वरना कार बरामद हुई है। मामला 19 अगस्त का है, जब गोरापड़ाव में Kiy शोरूम के पीछे स्थित एक ऑफिस/गैराज में 10-12 हथियारबंद लोगों ने धावा बोलकर करीब ₹8 लाख नकदी, 12 मोबाइल फोन और सोने की चेन-अंगूठियां लूट ली थीं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगालते हुए पहले ही यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह और अफजल मलिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी।
इसी क्रम में 27 अगस्त को पुलिस ने साहब सिंह उर्फ साबी निवासी रामपुर और गुरवन्त सिंह उर्फ गोपी निवासी रामपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने डकैती की घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। साहब सिंह के कब्जे से ₹89,700 नकद, एक तमंचा, दो कारतूस और वरना कार बरामद हुई, जबकि गुरवन्त सिंह से ₹50,300 नकद, एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उसके संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। डकैती कांड के खुलासे में थाना पुलिस के साथ SOG, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, BDS/डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों ने भूमिका निभाई। पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए एसएसपी नैनीताल ने टीम को ₹2,500 के पुरस्कार से पुरस्कृत किया है। पुलिस का कहना है कि डकैती में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और मामले की जांच लगातार जारी है।











