- राजपुरा के समाजसेवियों पर कार्रवाई के विरोध में विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में प्रदर्शन
- बोले—नशा तस्करों पर कार्रवाई करे पुलिस, आवाज उठाने वालों को न दबाए
हल्द्वानी। राजपुरा क्षेत्र में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वाले समाजसेवियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया। गुरुवार को बुद्ध पार्क, तिकोनिया में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने आरोप लगाया कि राजपुरा क्षेत्र में लंबे समय से नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर स्थानीय नागरिक, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि आवाज उठा रहे हैं।
ऐसे लोगों की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय यदि उनके खिलाफ ही मुकदमे दर्ज किए जाएंगे, तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले नागरिकों को डराने या दबाने की कार्रवाई किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन को नशे के कारोबार में शामिल वास्तविक तस्करों और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, न कि उनके खिलाफ आवाज उठाने वालों को निशाना बनाना चाहिए। विधायक ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना समाज और प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। कांग्रेस जनहित के इस मुद्दे को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि हल्द्वानी में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।










