- WhatsApp पर कंपनी के MD बनकर जनरल मैनेजर को झांसे में लिया
- एडवांस पेमेंट के नाम पर खातों में ट्रांसफर कराई करोड़ों की रकम
देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर टीम ने ₹3.20 करोड़ की हाईप्रोफाइल साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। साइबर ठगों ने कंपनी के उच्चाधिकारी और मैनेजिंग डायरेक्टर बनकर WhatsApp के जरिए कंपनी के जनरल मैनेजर को विश्वास में लिया और प्रोजेक्ट के एडवांस भुगतान समेत अन्य भुगतानों के नाम पर विभिन्न बैंक खातों में करोड़ों रुपये ट्रांसफर करा लिए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के निर्देश पर साइबर क्राइम पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार जुटाई गई जानकारी के बाद टीम कोलकाता पहुंची और चन्द्र कांत मिश्रा निवासी ग्रीन फील्ड सिटी, महेशतल्ला, कोलकाता को उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि साइबर अपराधियों ने फर्जी पहचान का इस्तेमाल करते हुए WhatsApp पर कंपनी के अधिकारी बनकर जनरल मैनेजर से संपर्क किया। इसके बाद प्रोजेक्ट के एडवांस पेमेंट और अन्य आवश्यक भुगतानों का हवाला देकर उसे भरोसे में लिया गया और अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई गई। इसी क्रम में Shyam Trading Company के बैंक खाते में भी धनराशि भेजी गई। STF ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड और एक HP लैपटॉप बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में लैपटॉप से विभिन्न कंपनियों और संस्थाओं से जुड़े एडिटेबल दस्तावेज, बैंक लोन आवेदन, आधार कार्ड व पैन कार्ड की प्रतियां सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का फॉरेंसिक परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ न्यायालय में आरोप-पत्र दाखिल किया जा चुका है। अब गिरफ्तार आरोपी से ठगी की रकम के लेन-देन, उसकी भूमिका और साइबर अपराध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। STF ने संकेत दिया है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे साइबर नेटवर्क तक पहुंचने के लिए जांच लगातार जारी है।










