हल्द्वानी। त्योहारी सीजन से पहले चीनी के बढ़ते दामों को लेकर उत्तराखंड में सियासत गरमा गई है। हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ अनोखे अंदाज में प्रदर्शन करते हुए लोगों को बिना चीनी की फीकी चाय पिलाई। प्रदर्शन का नेतृत्व हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। चीनी की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क में केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों को बिना चीनी की चाय पिलाकर कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि फीकी चाय महज प्रदर्शन नहीं, बल्कि उस आम आदमी की स्थिति का प्रतीक है, जिसकी जिंदगी से महंगाई ने मिठास छीन ली है।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि त्योहारों से ठीक पहले चीनी समेत रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने सरकार पर महंगाई को नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रसोई से जुड़ी जरूरी वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर जल्द प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। वहीं, सरकार की ओर से कहा गया है कि चीनी की कृत्रिम कमी और जमाखोरी को रोकने के लिए बाजार की लगातार निगरानी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।










