हल्द्वानी। वर्ष 2026 के लिए न्यूज़ पोर्टलों की इनपैनलमेंट प्रक्रिया और टेंडर में निर्धारित विज्ञापन दरों को लेकर डिजिटल मीडिया संचालकों में असंतोष सामने आया है। हिमालयन डिजिटल मीडिया एसोसिएशन के बैनर तले आयोजित बैठक में संचालकों ने मौजूदा विज्ञापन रेट को पोर्टलों के संचालन खर्च के लिहाज से अव्यावहारिक बताते हुए महानिदेशक सूचना से दरों पर पुनर्विचार की मांग की। हिमालयन डिजिटल मीडिया एसोसिएशन की आज मीडिया सेंटर हल्द्वानी में हुई बैठक में वर्ष 2026 के लिए न्यूज़ पोर्टलों के इनपैनलमेंट और विज्ञापन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। सूचना महानिदेशालय द्वारा सोमवार को इनपैनलमेंट प्रक्रिया के तहत निविदा खोले जाने के बाद पोर्टल संचालकों ने निर्धारित खुले विज्ञापन रेट पर चिंता जताई।
संचालकों का कहना है कि डिजिटल मीडिया आज समाचारों के त्वरित प्रसार और जनसरोकार के मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने में अहम भूमिका निभा रहा है। इसके बावजूद पोर्टलों के संचालन, तकनीकी संसाधनों, कर्मचारियों और अन्य खर्चों को देखते हुए निर्धारित विज्ञापन दरें पर्याप्त नहीं हैं। इससे छोटे और मध्यम स्तर के न्यूज़ पोर्टलों के सामने आर्थिक चुनौतियां बढ़ सकती हैं। बैठक में सर्वसम्मति से महानिदेशक सूचना से अपील की गई कि विज्ञापन दरों की दोबारा समीक्षा कर व्यवहारिक और उचित रेट निर्धारित किए जाएं, ताकि डिजिटल मीडिया संस्थानों के हितों की रक्षा के साथ पत्रकारिता का काम भी सुचारु रूप से जारी रह सके। बैठक में गिरीश जोशी, तारा जोशी, ईश्वरी दत्त भट्ट, महेंद्र सिंह नेगी, धर्मानंद खोलिया, सुरेश पाठक, दिनेश पांडेय, हर्ष रावत, अंकित साह, जीवन राज, सचिन जोशी, मोहन कांडपाल, अरकम सिद्दीकी सहित दर्जनों पत्रकार एवं न्यूज़ पोर्टल संचालक मौजूद रहे।










