हल्द्वानी। बनभूलपुरा के ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज में सोमवार को छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के बाद फैली कथित भूत-प्रेत की अफवाह का असर मंगलवार को भी दिखाई दिया। अफवाह के चलते बड़ी संख्या में अभिभावकों ने छात्राओं को स्कूल नहीं भेजा, जिससे आम दिनों की तुलना में उपस्थिति आधे से भी कम रह गई। हालांकि स्कूल प्रशासन और छात्राओं ने स्पष्ट किया कि विद्यालय में ऐसी कोई घटना नहीं हुई और वर्तमान में स्थिति पूरी तरह सामान्य है। ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज में सोमवार को यूनिट टेस्ट के दौरान कुछ छात्राओं की तबीयत खराब होने और उनके घबरा जाने के बाद अचानक अफरा-तफरी मच गई थी। इसके बाद क्षेत्र में छात्राओं पर भूत-प्रेत की बाधा होने की अफवाह फैल गई। हालांकि स्कूल प्रशासन ने इसे पूरी तरह अफवाह बताते हुए कहा कि एक-दो छात्राओं को चक्कर आने और तबीयत खराब होने के बाद अन्य छात्राएं भी डर गई थीं, जिसके कारण चार-पांच छात्राओं में घबराहट की स्थिति बनी और एहतियातन विद्यालय की छुट्टी कर दी गई।
अफवाह का असर अगले दिन भी देखने को मिला। विद्यालय में करीब 800 छात्राओं में से मंगलवार को लगभग 300 छात्राएं ही पहुंचीं, जबकि सामान्य दिनों में 600 से 750 तक छात्राओं की उपस्थिति रहती है। स्कूल पहुंची छात्राओं ने भी अफवाहों को गलत बताया। कक्षा 12 की छात्रा आफरीन ने कहा कि विद्यालय में भूत-प्रेत जैसी कोई बात नहीं थी, केवल एक छात्रा की तबीयत खराब हुई थी, जिसके बाद छात्राएं डर गईं। वहीं छात्रा आयशा ने कहा कि अफवाह के कारण बच्चों में भ्रम फैल गया है, जबकि स्कूल का माहौल पूरी तरह सामान्य है। एक अन्य छात्रा ने बताया कि उस समय विद्यालय में बिजली नहीं थी और गर्मी के कारण कुछ छात्राएं घबरा गई थीं। इसी बीच एक छात्रा की तबीयत बिगड़ने से बाकी छात्राओं में भी डर फैल गया। छात्राओं ने अभिभावकों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के किसी भी तरह की बात आगे न फैलाएं। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य निर्मिला शर्मा ने बताया कि कई अभिभावक मंगलवार को स्वयं स्कूल पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने भी स्थिति सामान्य पाए जाने पर विद्यालय प्रशासन का समर्थन किया। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि छात्राओं और अभिभावकों को पूरी स्थिति से अवगत कराया जा रहा है तथा विद्यालय में पढ़ाई सामान्य रूप से जारी है।










