- बिना नंबर प्लेट स्कूटी रोकने पर भागा, पीछा करने के दौरान पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दबोचा गया आकाश उर्फ तमंचा
देहरादून। बसंत विहार क्षेत्र में देर रात हरबंसवाला बैरियर पर सघन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार बदमाश ने पुलिस चेकिंग से बचने के लिए भागने का प्रयास किया और पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने बिना नंबर प्लेट की स्कूटी सवार को रोकने का प्रयास किया। चालक चेकिंग प्वाइंट पर नहीं रुका और टी-स्टेट की ओर तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। इसी दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से स्कूटी सवार बदमाश घायल होकर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। घायल बदमाश को तत्काल प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। घटनास्थल पर एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से 315 बोर का एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस के अनुसार कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी किया जाना बताया जा रहा है। पुलिस ने 14 अगस्त को बसंत विहार क्षेत्र में वृद्ध महिला के साथ हुई चेन स्नैचिंग की वारदात में लूटी गई चेन भी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान आकाश उर्फ तमंचा पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध बसंत विहार थाने में चेन स्नैचिंग के मामले सहित एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और बरामद हथियार व स्कूटी के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही चेन स्नैचिंग की घटना में उसकी भूमिका और अन्य संभावित आपराधिक मामलों में संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।




