नैनीताल। शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाली मॉल रोड के पुनर्निर्माण कार्य ने अब रफ्तार पकड़ ली है। विगत वर्ष क्षतिग्रस्त हुई मॉल रोड को मजबूत और टिकाऊ बनाने के लिए प्रशासन ने निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा पर विशेष जोर दिया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न हो और जनता को जल्द सुगम आवागमन की सुविधा मिले। जिलाधिकारी ने बताया कि मॉल रोड नैनीताल में आमजन और पर्यटकों की आवाजाही के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सड़क को लंबे समय तक सुरक्षित और मजबूत बनाए रखने के लिए टीएचडीसी से तकनीकी सर्वेक्षण कराया गया, जिसके आधार पर विशेषज्ञों की राय से नए डिजाइन के अनुरूप पुनर्निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
वर्तमान में लोक निर्माण विभाग की देखरेख में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। सड़क को मजबूती देने के लिए निर्धारित 122 एंकरों की स्थापना पूरी कर ली गई है, जबकि ग्राउंडिंग का काम भी पूरा हो चुका है। अब पाइलिंग का कार्य जारी है, जिसमें निर्धारित 51 पाइलिंग में से 36 पाइलिंग पूरी की जा चुकी हैं। पाइलिंग का कार्य पूरा होने के बाद स्लैब निर्माण का चरण शुरू किया जाएगा। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मॉल रोड का पुनर्निर्माण मजबूत, टिकाऊ और उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए। प्रशासन का लक्ष्य है कि निर्माण कार्य जल्द पूरा कर नैनीताल आने-जाने वाले स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।










