हल्द्वानी। स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर यातायात पुलिस ने हल्द्वानी में स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान वाहनों के दस्तावेज, सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। निरीक्षक यातायात हल्द्वानी भूपेश पाण्डेय के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्कूल बसों और अन्य स्कूली वाहनों की गहनता से जांच की।
पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहन निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप संचालित किए जा रहे हैं या नहीं। चेकिंग के दौरान जिन वाहनों में नियमों अथवा निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया गया, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों और विद्यालय प्रबंधन को बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूली वाहनों में यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर पुलिस की चेकिंग और वैधानिक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।











