- वायरल वीडियो पर SSP मंजूनाथ टीसी का तत्काल एक्शन, दो नाबालिग संरक्षण में, दोनों मोटरसाइकिलें सीज
हल्द्वानी। दो नहरिया रोड पर सरेआम हुड़दंग मचाकर हाथों में बेल्ट लहराते हुए राहगीरों को डराने का वीडियो वायरल होते ही नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में दो नाबालिगों को भी पुलिस ने संरक्षण में लेकर काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलों को भी सीज कर दिया है। बताया गया कि 14 अगस्त की शाम दो नहरिया रोड, हल्द्वानी में दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवक सड़क पर सरेआम हुड़दंग करते नजर आए। युवकों द्वारा हाथों में बेल्ट लहराकर राहगीरों और आमजन को भयभीत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो सामने आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए इसे आमजन की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय माना। SSP के निर्देश पर कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने वायरल वीडियो की पड़ताल करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान शुरू की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि जांच में सामने आए दो नाबालिगों को संरक्षण में लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवकों में सीतेश आर्य निवासी दमुवाढूंगा, गोपाल आर्य निवासी दमुवाढूंगा, कुणाल बिष्ट निवासी दमुवाढूंगा और विशाल कुमार निवासी दमुवाढूंगा शामिल हैं। इनमें सीतेश आर्य के शराब के नशे में पाए जाने पर शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मौके से घटना में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लैटिना मोटरसाइकिल शामिल है, जिसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। दूसरी मोटरसाइकिल रॉयल एनफील्ड यूके04एएस-4102 है, जिसे भी नियमानुसार सीज किया गया है।SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता, गुंडागर्दी, राहगीरों को भयभीत करने या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो, जिनमें सार्वजनिक शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होती दिखाई दे, पुलिस के संज्ञान में आते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी।












