- त्योहारी सीजन से पहले काम शुरू कराने की तैयारी, व्यापारियों से बनी सहमति, गोला नदी से जोड़े जाएंगे चार आउटफॉल
हल्द्वानी। शहर में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए यूयूएसडीए की एडीबी परियोजना के तहत ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में नैनीताल रोड स्थित कालू सिद्ध बाबा मंदिर के सामने से मुख्य बाजार होते हुए ताज चौराहा और लाइन नंबर-17 तक ड्रेनेज आउटफॉल का निर्माण कराया जाएगा। प्रशासन ने त्योहारी सीजन को देखते हुए व्यापारियों से वार्ता के बाद जल्द काम शुरू कराने की तैयारी की है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेई ने बताया कि यूयूएसडीए द्वारा एडीबी परियोजना के अंतर्गत शहर में ड्रेनेज का कार्य कराया जा रहा है। नैनीताल रोड पर कालू सिद्ध बाबा मंदिर के सामने से निकलने वाला आउटफॉल मुख्य बाजार से होकर ताज चौराहा और लाइन नंबर-17 को पार करते हुए गोला नदी से जोड़ा जाएगा। इस महत्वपूर्ण कार्य को लेकर व्यापार मंडल के व्यापारियों से भी वार्ता की गई है, जिसमें कार्य शुरू करने को लेकर सहमति बनी है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि फिलहाल कांवड़ यात्रा के कारण निर्माण सामग्री की आपूर्ति प्रभावित होने से काम शुरू करने में कुछ परेशानी आ रही है। सप्लाई व्यवस्था सामान्य होते ही आने वाले सप्ताह में यूयूएसडीए के साथ समन्वय कर ड्रेनेज निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि अक्टूबर-नवंबर में शुरू होने वाले त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य को व्यवस्थित तरीके से कराया जाए, ताकि बाजार में व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित न हों। गौरतलब है कि यूयूएसडीए की एडीबी हल्द्वानी परियोजना के तहत नैनीताल-बरेली रोड मार्ग पर चार प्रमुख ड्रेनेज आउटफॉल बनाए जाने हैं। इनमें एक आउटफॉल तिकोनिया चौराहे पर, दूसरा कालू सिद्ध बाबा मंदिर के सामने से मुख्य बाजार होते हुए, तीसरा शनि बाजार रोड और चौथा पुरानी आईटीआई क्षेत्र में प्रस्तावित है। इन सभी आउटफॉल को आगे गोला नदी से जोड़ा जाएगा। इन ड्रेनेज आउटफॉल के निर्माण का उद्देश्य शहर के विभिन्न हिस्सों से बारिश के पानी की निकासी को बेहतर करना और जलभराव की समस्या को कम करना है।












