देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चल रहे सघन चेकिंग अभियान के बीच प्रेमनगर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पश्चिमी उत्तर प्रदेश का शातिर गैंगस्टर रईस घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखे, बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और कथित गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 12-13 अगस्त की देर रात प्रेमनगर पुलिस दरू चौक के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने बाइक तेज कर चाय बागान की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया तो दोनों पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिससे पुलिस का सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस के मुताबिक, जानलेवा हमले के जवाब में की गई फायरिंग में एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जबकि उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। घायल बदमाश की पहचान सहारनपुर निवासी 26 वर्षीय रईस पुत्र नसीम के रूप में हुई है।
पुलिस का दावा है कि रईस सहारनपुर का गैंगस्टर है और प्रेमनगर क्षेत्र में वर्ष 2024 में हुई गोकशी की घटना के मामले में करीब दो साल से वांछित चल रहा था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में गोकशी, चोरी, हथियार और अन्य अपराधों से जुड़े करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में रईस ने बताया कि वह अपने साथी नवाब के साथ सहारनपुर से देहरादून आया था। दोनों कथित तौर पर टी-स्टेट और आसपास के इलाकों में घूमने वाले गोवंश की रेकी कर रहे थे। पुलिस से पहचान छिपाने के लिए मोटरसाइकिल से नंबर प्लेट हटाई गई थी। पुलिस ने मौके से एक चापड़, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और नायलॉन की रस्सी भी बरामद की है। वर्ष 2024 में प्रेमनगर क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना के मामले में रईस के चार साथियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि रईस लगातार फरार चल रहा था। पुलिस अब उसके फरार साथी नवाब की तलाश के साथ ही बरामद हथियारों और औजारों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस पर फायरिंग के मामले में प्रेमनगर कोतवाली में रईस के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित मामलों की भी जानकारी जुटा रही है। मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली।







