- गंगा स्नान को मनोरंजन बताने पर कांग्रेस पर बरसे मंडी परिषद अध्यक्ष, बोले- शुद्धिकरण भाजपा का कार्यक्रम नहीं था
हल्द्वानी। रामलीला मैदान में कांग्रेस की जनसभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ और गंगा स्नान को लेकर उठ रहे सवालों के बीच भाजपा नेता एवं मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू ने कांग्रेस पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर हिंदू धर्म और धार्मिक आस्थाओं का मजाक उड़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सावन में गंगा स्नान हिंदू धर्म की आस्था और सदियों पुरानी परंपरा का हिस्सा है, इसे राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। अनिल कपूर डब्बू ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा के दौरान देशभर से श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखंड पहुंचते हैं। श्रद्धालु गंगा में स्नान कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में गंगा स्नान को मनोरंजन से जोड़ना करोड़ों हिंदुओं की आस्था का अपमान है। उन्होंने कांग्रेस पर धार्मिक भावनाओं से जुड़े मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भी डब्बू ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि वीडियो मूल है और उसमें किसी तरह की AI एडिटिंग नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने मंच से आपत्तिजनक बयान दिए थे और कांग्रेस नेताओं ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधिकारियों के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण को लेकर अनिल डब्बू ने कहा कि यह भाजपा का कोई कार्यक्रम नहीं था। उनके मुताबिक मैदान में हिंदू संगठनों की ओर से शुद्धिकरण कराया गया था और भाजपा का इससे कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर पूरे मामले को भाजपा से जोड़कर राजनीतिक विवाद खड़ा करने का आरोप लगाया। रामलीला मैदान की घटना, वायरल वीडियो और कथित शुद्धिकरण को लेकर भाजपा-कांग्रेस के बीच पहले से जारी आरोप-प्रत्यारोप अब और तीखे होते नजर आ रहे हैं। दोनों दलों के नेताओं के बयानों के बीच यह विवाद हल्द्वानी में तेजी से बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है।







