देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ और एएनटीएफ ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देहरादून के सेलाकुई क्षेत्र से 1.521 किलोग्राम कैटामाइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹15 लाख आंकी गई है। पुलिस ने इस कार्रवाई को “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी चोट बताया है। एसटीएफ और थाना सेलाकुई पुलिस की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को स्कूटी की डिक्की में छिपाकर कैटामाइन ले जाते हुए दबोच लिया। मौके पर मौजूद औषधि निरीक्षक ने बरामद पदार्थ की पुष्टि कैटामाइन के रूप में की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार निवासी जमनपुर, सेलाकुई और अंकित तिवारी निवासी हरदोई (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी सेलाकुई के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे खैरी गांव स्थित बर्थवाल के आम के बगीचे के पास एक अज्ञात व्यक्ति को कैटामाइन की खेप पहुंचाने जा रहे थे। इस इनपुट के आधार पर एसटीएफ अब पूरे ड्रग नेटवर्क, सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.521 किलोग्राम कैटामाइन, एक जूपिटर स्कूटी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ थाना सेलाकुई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22(सी)/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आमजन से नशे के खिलाफ पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों और संगठित ड्रग सिंडिकेट के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।






