हल्द्वानी। हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम क्षेत्र के व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है। महापौर गजराज सिंह बिष्ट की पहल पर नगर निगम ने किराया निर्धारण और निर्माण अनुमति प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए व्यापारियों के हित में फैसले लिए हैं। इन निर्णयों से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ वर्षों से चली आ रही कई व्यावहारिक समस्याओं के समाधान का रास्ता भी साफ हुआ है। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने नगर आयुक्त परितोष वर्मा, कर निरीक्षक महेश पाठक और नगर निगम अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक कर व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा की। बैठक के बाद व्यापारियों के अनुरोध को स्वीकार करते हुए ₹1 के स्थान पर ₹1.50 किराया निर्धारित करने का निर्णय लिया गया।
इसके साथ ही दो मंजिला भवन निर्माण की अनुमति प्रक्रिया को भी सरल और सुगम बनाने का फैसला लिया गया, जिससे व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों के विस्तार में अनावश्यक प्रशासनिक जटिलताओं का सामना नहीं करना पड़ेगा। महापौर ने कहा कि नगर निगम व्यापारियों के हितों की रक्षा और शहर के संतुलित विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा ताकि शहर में व्यापार और निवेश का बेहतर माहौल तैयार हो सके। निर्णयों से उत्साहित व्यापारियों ने महापौर गजराज सिंह बिष्ट का माल्यार्पण कर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया तथा उनके प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, योगेश शर्मा, पंकज कपूर, आशीष मल्होत्रा, राजीव जायसवाल, मनोज जायसवाल, नंदकिशोर वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि गोपाल भट्ट सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






