हल्द्वानी। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर परिवहन विभाग ने हल्द्वानी संभाग में सख्त प्रवर्तन अभियान चलाते हुए 105 वाहनों का चालान किया, जबकि गंभीर नियम उल्लंघन के मामलों में 6 वाहनों को सीज कर दिया। अभियान के दौरान ई-रिक्शा, ऑटो, बस, ट्रक और दोपहिया वाहनों की व्यापक जांच की गई तथा हेलमेट, ओवरलोडिंग, टैक्स, फिटनेस और प्रदूषण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. गुरदेव सिंह के निर्देशन में परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार, अनुभव आर्या, अपराजिता पांडे तथा परिवहन सहायक निरीक्षक आर.सी. पवार, गिरीश कांड और नंदन रावत की टीमों ने हल्द्वानी-कालाढूंगी, हल्द्वानी-नैनीताल, बरेली और रुद्रपुर मार्ग पर विशेष अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान बिना हेलमेट चल रहे 22 दोपहिया वाहन चालकों, बिना वर्दी के वाहन संचालन करने वाले 17 चालकों, फिटनेस प्रमाणपत्र न होने पर 8, प्रदूषण प्रमाणपत्र के अभाव में 11, टैक्स जमा न करने पर 13 तथा यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग के 35 मामलों में चालान किए गए। इसके अलावा बीमा दस्तावेज प्रस्तुत न करने, यात्री वाहनों में अवैध रूप से माल ढोने तथा स्कूली वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र जैसी अनिवार्य सुरक्षा व्यवस्थाएं नहीं मिलने पर भी कार्रवाई की गई। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यात्री सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सघन अभियान जारी रहेगा।







