- नशे की खेप हाई-प्रोफाइल पार्टियों में खपाने की थी साजिश, सहारनपुर से लाई गई थी ड्रग्स, पुलिस अब पूरे नेटवर्क की तलाश में
देहरादून। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत दून पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाई-प्रोफाइल ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। थाना रायपुर पुलिस ने देर रात अरण्य विहार क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये मूल्य की 48.55 ग्राम एमडीएमए (MDMA) और 40.75 ग्राम स्मैक बरामद की। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी यह प्रतिबंधित मादक पदार्थ सहारनपुर से तस्करी कर देहरादून लाया था और इन्हें शहर की हाई-प्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई करने की तैयारी में था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत रायपुर पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि एक तस्कर बड़ी मात्रा में हाई-प्रोफाइल ड्रग्स लेकर देहरादून पहुंचा है।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया और अरण्य विहार स्थित एक खाली प्लॉट के पास से दानिश पुत्र नजीर अहमद (32 वर्ष), निवासी नागल, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना रायपुर में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/22 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने बरामद ड्रग्स सहारनपुर के एक स्थानीय तस्कर से खरीदी थी। पुलिस के अनुसार पूछताछ में नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऑपरेशन प्रहार के तहत मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।







