उत्तरकाशी। उत्तरकाशी की सिल्क्यारा टनल में निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बड़कोट साइड से करीब 900 मीटर अंदर कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक हिस्सा टूटकर गिरने से एक श्रमिक की मौत हो गई। घटना के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है और हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। सिल्क्यारा टनल निर्माण कार्य के दौरान बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक ब्लॉक अचानक टूटकर गिर गया। हादसे में एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी बड़कोट को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को मौके का विस्तृत निरीक्षण कर हादसे के वास्तविक कारणों की जांच करने तथा निर्माण कार्य कर रही एजेंसी द्वारा सुरक्षा मानकों के पालन की गहन समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए, सभी आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी की जाएं और टनल के भीतर कार्यरत अन्य श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।









