- मसूरी-किमाड़ी मार्ग पर गहरी खाई से बरामद हुआ सुमित पाल का शव, फोरेंसिक जांच के बाद पुलिस जुटी मौत की वजह तलाशने में
देहरादून। सात दिन से लापता युवक की तलाश आखिरकार दर्दनाक अंत पर पहुंची। मसूरी-किमाड़ी मार्ग पर गहरी खाई से युवक का सड़ा-गला शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल के पास खड़ी मिली बाइक के आधार पर पुलिस युवक तक पहुंची। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार दुर्गापुरम नई बस्ती, मोथरोवाला निवासी राजेश पाल ने 9 जुलाई को थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र सुमित पाल 8 जुलाई को बिना बताए घर से चला गया था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें सुमित अपनी काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से मसूरी से किमाड़ी की ओर जाता दिखाई दिया। तलाशी के दौरान पुलिस को मैकेंजी हाउस एंड कैफे के आगे मुख्य मार्ग के किनारे युवक की बाइक लावारिस हालत में खड़ी मिली। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम की मदद से आसपास की गहरी खाई में सर्च अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क से काफी नीचे एक खाई में युवक का शव बरामद हुआ, जो कई दिन पुराना होने के कारण बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान सुमित पाल के रूप में की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के माध्यम से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






