- जिला जज, डीएम और एसएसपी ने परखी व्यवस्थाएं, स्वावलंबन योजनाओं के विस्तार पर दिया जोर
हल्द्वानी। जिला जज नैनीताल, जिलाधिकारी नैनीताल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने सोमवार को उप कारागार हल्द्वानी का संयुक्त निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और स्वच्छता का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विचाराधीन और सजायाफ्ता बंदियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, कानूनी सहायता, भोजन व्यवस्था तथा पुनर्वास संबंधी गतिविधियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कारागार में रह रहे छह छोटे बच्चों के टीकाकरण, पोलियो वैक्सीन और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि बच्चों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसके अलावा बंदियों के स्वावलंबन के लिए संचालित गतिविधियों, विशेषकर बेकरी इकाई के कार्यों की सराहना की गई। अन्य रोजगारपरक प्रशिक्षणों के विस्तार के लिए रिवॉल्विंग फंड उपलब्ध कराने पर भी विचार किया गया। निरीक्षण के दौरान पैरा लीगल वॉलंटियर्स द्वारा बंदियों को दी जा रही कानूनी सहायता, परिजनों से मुलाकात की व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और कारागार प्रबंधन की भी समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने कहा कि बंदियों के हित में जो भी आवश्यक सुधार और सुविधाएं संभव होंगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा। इस दौरान जेल अधीक्षक प्रमोद पांडेय सहित कारागार प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।







