- रात में मची अफरा-तफरी, डीएम खुद पहुंचे मौके पर; महिला घायल, बड़ा हादसा टला
देहरादून। लगातार हो रही बारिश के बीच शनिवार रात देहरादून के पठरिया पीर क्षेत्र स्थित विजय कॉलोनी की नई बस्ती में बड़ा हादसा हो गया। करीब साढ़े नौ बजे एक पुश्ता अचानक भरभराकर ढह गया, जिससे नीचे बने चार से पांच मकान क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान देर रात मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। समय रहते लोगों को सुरक्षित निकाल लेने से बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे। मलबे में एक महिला के दबे होने की सूचना पर तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
हादसे में 62 वर्षीय विमला देवी पत्नी स्वर्गीय बृजेश, निवासी नई बस्ती विजय कॉलोनी, मामूली रूप से घायल हुईं। उन्हें 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पुश्ते के आसपास स्थित सभी मकानों को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। प्रभावित क्षेत्र को असुरक्षित घोषित करते हुए वहां किसी को भी रहने की अनुमति नहीं दी गई है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को पुश्ते का तकनीकी परीक्षण कराने, क्षेत्र की लगातार निगरानी रखने और आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने के निर्देश दिए हैं। मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।







