रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस कार्यप्रणाली में लापरवाही पर बड़ा एक्शन लेते हुए आईटीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक और पैगा चौकी प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। यह कार्रवाई विवेचनाओं की निगरानी, पीड़ितों की शिकायतों के निस्तारण और विभागीय निर्देशों के पालन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर की गई।
एसएसपी की समीक्षा में सामने आया कि आईटीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ विवेचनाओं के पर्यवेक्षण और शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरत रहे थे। वहीं पैगा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह पर भी पीड़ितों की शिकायतों के निस्तारण में देरी और दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता के आरोप पाए गए। दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनपद में पुलिस की लापरवाही, पीड़ितों के प्रति असंवेदनशीलता और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





