रामनगर। नैनीताल पुलिस ने जिले में अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए रामनगर के एक लग्जरी रिसॉर्ट में संचालित हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी की रणनीति पर एसओजी, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। कार्रवाई के दौरान बाहरी राज्यों और विदेश से लाई गई 10 महिलाओं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को मुक्त कराया गया। अनैतिक गतिविधियों के संचालन और साक्ष्य छिपाने के प्रयास सामने आने पर रिसॉर्ट को तत्काल सील कर दिया गया। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर 4 जुलाई की रात की गई छापेमारी में रिसॉर्ट के भीतर बड़े स्तर पर देह व्यापार, शराब और नशे की पार्टी चल रही थी। महिलाओं से अश्लील नृत्य कराया जा रहा था और उन पर नोट उड़ाए जा रहे थे। मौके पर मौजूद लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में मुख्य आयोजक उमेन्द्र कुमार, निवासी मेरठ ने बताया कि उसने अपनी कीटनाशक निर्माण कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए पार्टी आयोजित की थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि लगभग दस दिन पहले रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी से संपर्क कर शराब, महिलाओं और तथाकथित “एक्स्ट्रा सर्विस” की व्यवस्था कराई गई थी। रिसॉर्ट को दो दिन के लिए करीब 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया था। प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से व्यवस्था कराई गई और होटल स्टाफ को निर्देश दिए गए थे कि किसी भी आगंतुक का नाम रजिस्टर में दर्ज न किया जाए, ताकि साक्ष्य छिपाए जा सकें। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन पेटी शराब, एक पेटी बीयर, ₹10 मूल्य के नकली नोटों की 24 गड्डियां, महिलाओं पर उड़ाए गए नोट, आपत्तिजनक सामग्री, लैपटॉप, कई मोबाइल फोन तथा डांस कार्यक्रम में प्रयुक्त म्यूजिक सिस्टम और साउंड उपकरण बरामद किए। फरार जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि मानव तस्करी, देह व्यापार और संगठित अपराध के खिलाफ जनपद में अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा। इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस सराहनीय कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा भी की गई।





