- दून पुलिस ने डिजिटल जांच से आरोपी को दबोचा, धमकी भरी पोस्ट डालने में इस्तेमाल मोबाइल बरामद
देहरादून। सोशल मीडिया के जरिए उत्तराखंड में दहशत फैलाने की कोशिश को दून पुलिस ने नाकाम कर दिया है। उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम विस्फोट की धमकी देने वाली पोस्ट सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हरियाणा निवासी जसप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 21 जून को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम से उड़ाने संबंधी धमकी भरी पोस्ट वायरल की गई थी। इस पोस्ट से आमजन में भय का माहौल पैदा हुआ था, जिसके बाद कोतवाली नगर देहरादून में बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, डिजिटल फुटप्रिंट, साइबर विश्लेषण और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान की और 28 जून को देहरादून से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी जसप्रीत सिंह ने बताया कि चमोली के कर्णप्रयाग क्षेत्र में हुए विवाद और उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई से वह नाराज था। सोशल मीडिया पर संबंधित वीडियो देखने के बाद उसने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से टिप्पणी करते हुए उत्तराखंड के सभी थानों में बम विस्फोट की धमकी दी थी। पुलिस ने आरोपी के पास से वह मोबाइल फोन बरामद कर लिया है, जिसका इस्तेमाल धमकी भरी पोस्ट प्रसारित करने में किया गया था। आरोपी जसप्रीत सिंह पुत्र स्व. जोगिन्द्र सिंह, निवासी कोतवाली बाजार सराय, थाना कोतवाली नगर, जिला अंबाला हरियाणा को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक, धमकीपूर्ण या भय का माहौल बनाने वाली किसी भी गतिविधि को गंभीर अपराध माना जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने की अपील की है।







