- यंग बिजनेस मीट में शहर की अर्थव्यवस्था, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को लेकर दिए गए सुझाव
हल्द्वानी। शहर के विकास में युवा व्यापारियों की भागीदारी बढ़ाने और नए उद्यमों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हल्द्वानी-काठगोदाम में “यंग बिजनेस मीट विद मेयर” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर गजराज बिष्ट ने युवा व्यापारियों से सीधा संवाद कर उनके सुझाव, अनुभव और शहर के भविष्य को लेकर विचार सुने। महापौर ने कहा कि युवा व्यापारी और उद्यमी शहर की आर्थिक ताकत हैं। उनकी सक्रिय भागीदारी से हल्द्वानी के विकास को नई दिशा मिल सकती है। उन्होंने व्यापारियों से नगर नियोजन, सड़क एवं यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और लघु उद्योगों के विस्तार को लेकर सुझाव साझा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दे रही है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर तैयार हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापार और उद्योगों को मजबूत कर शहर की अर्थव्यवस्था को और गति दी जा सकती है।
बैठक में युवा व्यापारियों और नव मतदाताओं ने भी शहर के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। गौलापार क्षेत्र को ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर “ग्रेटर हल्द्वानी” के रूप में विकसित करने, रोजगार के लिए औद्योगिक केंद्र स्थापित करने, व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थानों की स्थापना, स्थानीय बाजारों के आधुनिकीकरण, डिजिटल व्यापारिक सहायता और युवाओं के लिए वित्तीय एवं परामर्श सुविधाओं के विस्तार जैसे मुद्दे उठाए गए। महापौर गजराज बिष्ट ने कहा कि बैठक में मिले सुझावों को आगामी कार्ययोजना में शामिल कर चरणबद्ध तरीके से लागू करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने युवा व्यापारियों को नगर विकास की योजनाओं में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में जिला महामंत्री विनीत अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में युवा व्यापारी और नव मतदाता मौजूद रहे।






