रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने रिहायशी इलाके में पिस्टल के बल पर दहशत फैलाने और एक परिवार को धमकाने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लोडेड .30 बोर पिस्टल और छह जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। मामला 10 जून का है, जब आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा एक परिवार के घर पहुंचकर हंगामा करने, धमकी देने और हथियार लहराकर भय का माहौल बनाने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और कारतूस बरामद किए थे। जांच में सामने आया कि एक माह पूर्व आत्महत्या करने वाले युवक के मामले को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था, जो बाद में खुले टकराव में बदल गया।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपियों ने पीड़ित परिवार को डराने-धमकाने के उद्देश्य से हथियार का प्रदर्शन किया था। घटना के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहे थे। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिशों के आधार पर मुख्य आरोपी रमन कक्कड़ और उसके साथी दीपक कुमार को उत्तर प्रदेश के रामपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” लगातार जारी रहेगा। हथियारों के बल पर दहशत फैलाने, कानून व्यवस्था को चुनौती देने और आम जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।







