देहरादून। NEET (UG)-2026 परीक्षा दोबारा आयोजित किए जाने की स्थिति में उत्तराखंड सरकार ने परीक्षार्थियों को बड़ी राहत देते हुए राज्य परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया है। शासन के निर्देश पर उत्तराखंड परिवहन निगम ने इस संबंध में सभी मंडलीय प्रबंधकों और डिपो अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार पुनः आयोजित होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा में शामिल होने वाले पात्र अभ्यर्थी प्रवेश पत्र के आधार पर राज्य के भीतर उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण श्रेणी की बसों में एक बार आने-जाने की निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे। यह सुविधा केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासियों को मिलेगी, जिन्हें परीक्षा प्राधिकरण द्वारा वैध प्रवेश पत्र जारी किया गया हो।
परिवहन निगम के निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थी अपने गृह स्थान अथवा वर्तमान निवास से परीक्षा केंद्र तक परीक्षा तिथि से दो दिन पहले से लेकर परीक्षा दिवस तक यात्रा कर सकेंगे, जबकि परीक्षा समाप्त होने के बाद दो दिन के भीतर वापसी यात्रा भी निःशुल्क होगी। यह सुविधा 19 जून 2026 की मध्यरात्रि से 23 जून 2026 की रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। अभ्यर्थियों को अब प्रवेश पत्र की हार्ड कॉपी साथ रखने की भी अनिवार्यता नहीं होगी। मोबाइल में उपलब्ध सॉफ्ट कॉपी दिखाकर भी निःशुल्क यात्रा का लाभ लिया जा सकेगा। परिवहन निगम ने ई-टिकट मशीनों में विशेष श्रेणी “NEET (UG)-2026” का विकल्प भी उपलब्ध कराया है, जिसमें परीक्षार्थियों का रोल नंबर दर्ज किया जाएगा। तकनीकी समस्या की स्थिति में परिचालक अभ्यर्थी का नाम, रोल नंबर और मोबाइल नंबर वे-बिल पर अंकित करेंगे। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के बीच बढ़ने वाली यात्री संख्या को देखते हुए निगम ने सभी डिपो सहायक महाप्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित अवधि में बस संचालन की निरंतर निगरानी करें तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी का सामना न करना पड़े।







