हल्द्वानी। बकरीद जैसे महत्वपूर्ण त्योहार से पहले पेयजल संकट ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बीते लगभग एक सप्ताह से नियमित पानी की सप्लाई ठप पड़ी है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है और त्योहार की तैयारियों पर भी असर पड़ रहा है। पानी की किल्लत से परेशान लोगों ने पार्षद प्रतिनिधि इकराम अहमद के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन करते हुए संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। प्रदर्शनकारियों ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर कहा कि लगातार जलापूर्ति बाधित रहने से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
खासकर ईद-उल-अजहा जैसे पर्व के दौरान पानी की आवश्यकता अधिक होने के बावजूद आपूर्ति न होना लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ज्ञापन में विभाग से मांग की गई कि क्षेत्र में तत्काल पानी की सप्लाई सुचारु कर आमजन को राहत प्रदान की जाए, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को बुनियादी जरूरतों के लिए परेशान न होना पड़े।












